Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी एवं मजबूत बनाए रखने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में 7 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के आदेशों के अनुपालन में अग्निशमन अधिकारी रुद्रप्रयाग शंकर चन्द्र रमोला के नेतृत्व में फायर सर्विस की विभिन्न टीमों ने जनपद के अलग-अलग बाजारों में संचालित आतिशबाजी की दुकानों का अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया। इस दौरान गुप्तकाशी और चोपता तथा मयाली एवं फाटा बाजार में संचालित आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं के साथ निर्धारित सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को आतिशबाजी का सुरक्षित भंडारण एवं विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील अवस्था में रखने और दुकानों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक प्रबंध बनाए रखने को कहा गया। फायर सर्विस की टीमों ने दुकानदारों को किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने और अग्निशमन विभाग को तुरंत सूचना देने के संबंध में भी जागरूक किया। रुद्रप्रयाग पुलिस ने जनपदवासियों और आतिशबाजी विक्रेताओं से अपील की है कि दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं खुशहाल बनाने के लिए आतिशबाजी का प्रयोग पूरी सावधानी के साथ करें तथा अग्नि सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *