प्रदीप कुमार
लक्ष्मणझूला-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। इसी क्रम में 7 नवंबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर ने कोतवाली लक्ष्मणझूला परिसर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने त्योहार के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्रीनगर और प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लक्ष्मणझूला बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का एहसास कराया। साथ ही व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर दीपावली का पर्व आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। पैदल गश्त और फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आमजन को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। पौड़ी पुलिस ने समस्त जनपदवासियों से अपील की है कि दीपावली का पर्व आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा कानून एवं यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
