प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली त्योहार के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशों पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें लगातार सक्रिय रहकर भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख बाजारों के साथ सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और सघन चेकिंग कर रही हैं। इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों तथा जनपद के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर भी सतर्क निगरानी रखी जा रही है। दीपावली के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें भी पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद हैं। पुलिस द्वारा व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की जा रही है। वहीं त्योहार के दौरान बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
