प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में उत्तराखण्ड राज्य का स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया। वहीं तहसील स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिजनों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। तहसील विकासनगर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान एवं सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अमर शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों ने जिस विकसित एवं समृद्ध उत्तराखण्ड का सपना देखा था उसे साकार करने की दिशा में प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान कर रही है तथा जनकल्याण के लिए ठोस निर्णय लेकर प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही है। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी विनोद कुमार तहसीलदार विवेक राजौरी सहित राज्य आंदोलनकारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। इसी क्रम में तहसील कालसी चकराता ऋषिकेश एवं डोईवाला में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिजनों को सम्मानित कर राज्य निर्माण में उनके योगदान और संघर्ष का स्मरण किया गया। जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर अमर शहीदों के सपनों का उत्तराखण्ड बनाने के संकल्प को दोहराया।
