प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुनिकीरेती क्षेत्र के नीम बीच पर गंगा नदी में नहाते समय दिल्ली निवासी 22 वर्षीय युवक डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस जल पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक की तलाश के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस और रेस्क्यू टीमें युवक की तलाश में जुटी हुई हैं। जानकारी के अनुसार सोमवार 09 नवम्बर 2026 को लगभग दोपहर 12 बजे थाना मुनिकीरेती को आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना मिली कि नीम बीच स्थित पांडव पत्थर के पास एक युवक गंगा नदी में डूब गया है। सूचना प्राप्त होते ही थाना मुनिकीरेती पुलिस ने तत्काल जल पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंचकर जानकारी करने पर पता चला कि दिल्ली से आठ युवक घूमने के उद्देश्य से तपोवन क्षेत्र स्थित नीम बीच आए हुए थे। इसी दौरान उनमें से एक युवक आशीष उम्र 22 वर्ष गंगा नदी में नहाते समय अचानक डूब गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए टिहरी पुलिस की जल पुलिस टीम आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीम ने चौकी तपोवन पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर गंगा नदी में संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। डूबे हुए युवक की पहचान आशीष उम्र 22 वर्ष निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस और रेस्क्यू टीमें युवक की तलाश के लिए नदी में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। फिलहाल युवक का पता नहीं चल पाया है और संयुक्त सर्च अभियान जारी है। टिहरी पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि गंगा नदी में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें। नदी के तेज बहाव गहराई और जलस्तर में अचानक होने वाले बदलाव को देखते हुए गहरे पानी में जाने से बचें। निर्धारित सुरक्षित स्नान स्थलों पर ही स्नान करें और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। पुलिस ने बताया कि युवक की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। आगे की कार्रवाई और स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त होने पर अवगत कराया जाएगा।
