प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने गौचर मेला मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला स्थल पर की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मेला मैदान के लेआउट मंच स्टॉल प्रदर्शनी स्थल पार्किंग एवं यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले आगंतुकों व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पेयजल विद्युत साफ-सफाई मोबाइल शौचालय तथा निर्बाध यातायात की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत अस्थायी मेला पुलिस चौकी स्थापित करने सीसीटीवी कैमरे लगाने अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य पदार्थों की नियमित जांच के साथ चिकित्सा एवं एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने वाटर एटीएम स्थापित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा। जिलाधिकारी ने स्थानीय उत्पादों हस्तशिल्प और स्वयं सहायता समूहों को मेले में पर्याप्त अवसर देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों और मेला समितियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में सभी तैयारियां पूरी करने को कहा। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
