Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनपद हरिद्वार में सोमवार 09 नवंबर 2026 को विभिन्न कार्यक्रम हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किए गए। इस अवसर पर ऋषिकुल ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों प्रशासनिक अधिकारियों विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों राज्य आंदोलनकारियों गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और आमजन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन को देखा और प्रदेश की विकास यात्रा तथा उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्य आंदोलनकारियों को पटका और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। उनके संघर्ष त्याग और बलिदान को याद करते हुए योगदान की सराहना की गई। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित लोकगीतों और लोकनृत्यों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य ने बीते 26 वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण आधारभूत सुविधाओं के विस्तार महिला सशक्तिकरण रोजगार शिक्षा स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने जनपद हरिद्वार की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। इसके अंतर्गत जनपद हरिद्वार में अब तक एक लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं तथा समान नागरिक संहिता के पंजीकरण में हरिद्वार जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा जनपद हरिद्वार को आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित किया गया है। नीति आयोग के संपूर्णता अभियान कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जनपद को मुख्यमंत्री एवं उत्तराखण्ड सरकार द्वारा सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही नीति आयोग की जुलाई 2022 में जारी रिपोर्ट में हरिद्वार ने देश के 112 आकांक्षी जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके लिए जनपद को 10 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली थी। वहीं मार्च 2024 की रैंकिंग में वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जनपद को तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई। प्रभारी मंत्री ने बताया कि जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 71 बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए जिनमें लगभग 2 हजार 231 शिकायतों का निस्तारण किया गया। 22 हजार से अधिक विभिन्न प्रमाण पत्र बनाने के लिए आवेदन प्राप्त हुए तथा 51 हजार से अधिक लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। उन्होंने मिशन ज्ञान गंगा हरिद्वार का उल्लेख करते हुए कहा कि कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सरल और सहज डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने की यह एक अभिनव पहल है। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेला 2027 के दृष्टिगत रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना तथा गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता अभियानों की कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के समग्र विकास और विस्तार के लिए नई सोसाइटी के गठन को सैद्धांतिक अनुमोदन प्रदान किया गया है। इसके अंतर्गत योग एवं ध्यान केंद्र आयुर्वेद अध्ययन केंद्र ज्योतिष एवं प्राच्य अध्ययन केंद्र तथा ललित कला केंद्र विकसित किए जाने की योजना है। जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जनपद में एक लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है तथा लगभग एक लाख 37 हजार लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। स्वास्थ्य सुरक्षा के अंतर्गत जनपद के नागरिकों के लिए 10 लाख 40 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में नौ हजार से अधिक तथा शहरी क्षेत्रों में 4 हजार 500 से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत दो लाख 52 हजार लोगों को लाभान्वित किया गया है जबकि जनपद की सहकारी समितियों से दो लाख 35 हजार किसान जुड़कर विभिन्न लाभ प्राप्त कर रहे हैं। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में नंदा गौरा कन्याधन योजना के अंतर्गत 32 हजार 825 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है। इनमें 6 हजार 396 बालिकाओं को जन्म के समय तथा 26 हजार 456 बालिकाओं को 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर योजना का लाभ दिया गया। इसी अवधि में कुल 69 हजार 122 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई तथा पोषण योजना के अंतर्गत लगभग दो लाख लाभार्थियों को प्रतिवर्ष लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत जनपद में 1 हजार 500 सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने के लिए 9.60 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई है। मनरेगा योजना के माध्यम से लगभग एक लाख परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत 182 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया तथा 256 लाभार्थियों को स्वरोजगार ऋण से लाभान्वित किया गया। पिछले पांच वर्षों में चार हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों का पुनर्गठन किया गया तथा दो हजार से अधिक समूहों को रिवॉल्विंग फंड वितरित किया गया है। इनके माध्यम से लगभग 1 हजार 560 समूहों द्वारा आय अर्जित की जा रही है। जनपद में स्वयं सहायता समूहों की मदद से 23 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में जनपद की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री ने बताया कि राज्य गठन के समय हरिद्वार में मत्स्य उत्पादन 850 क्विंटल था जो बढ़कर 30 हजार क्विंटल से अधिक हो गया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लगभग 13 हजार से अधिक व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां जनपद में विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम हैं। इस अवसर पर नगर निगम हरिद्वार की मेयर किरण जैसल ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति परंपराओं और प्राकृतिक विरासत से है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छ सुंदर और विकसित हरिद्वार बनाने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से अस्तित्व में आया है। उनके सपनों का विकसित उत्तराखण्ड बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा राज्य को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया जा रहा है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें बागवानी कृषि पशुपालन मत्स्य डेयरी सौर ऊर्जा सहकारिता तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थी शामिल रहे। इसके साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर नगर बनाने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले व्यक्तियों और विद्यार्थियों के कार्यों तथा उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री और अन्य अतिथियों द्वारा सूचना एवं लोक संपर्क विभाग उत्तराखण्ड की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से सूचना विभाग में पंजीकृत नुक्कड़ नाटक दल जनचेतना मंच ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से उपस्थित लोगों को मतदान के महत्व और मतदाता जागरूकता के प्रति प्रेरित किया गया। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में बाल विकास विभाग स्वास्थ्य विभाग आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक विभाग कृषि विभाग राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समाज कल्याण खादी ग्रामोद्योग अक्षय ऊर्जा उरेडा डेयरी रेशम मत्स्य पशुपालन उद्यान उद्योग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने योजनाओं के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन विनोद प्रसाद मिश्रा एवं डॉ.नरेश चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति राज्यमंत्री अजीत चौधरी विधायक रानीपुर आदेश चौहान अनीस गौड़ आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप जिलाधिकारी मयूर दीक्षित मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी सीओ हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी सहित राज्य आंदोलनकारी जनप्रतिनिधि विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *