Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड डॉ.वी.मुरुगेशन ने थाना पैठाणी का निरीक्षण कर थाने की कार्यप्रणाली पुलिस व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर कर्मचारी बैरक भोजनालय महिला हेल्प डेस्क और हवालात सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके साथ ही थाना मालखाना माल मुकदमाती संपत्ति शस्त्र एवं एम्युनिशन तथा एफआईआर एवं विवेचना रजिस्टर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीजीपी ने लंबित विवेचनाओं जनशिकायतों समन एवं वारंटों की समीक्षा करते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता बरतने तथा महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखने और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के साथ ही जनजागरूकता अभियान संचालित करने को भी कहा। निरीक्षण के उपरांत डॉ. मुरुगेशन ने पुलिस कार्मिकों का सम्मेलन लिया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी से उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी पुलिस कार्मिकों को पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *