Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के श्रीनगर परिसर के छात्र प्रेरित ममगाईं ने अंतर महाविद्यालय पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एकल वर्ग का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में प्रेरित ममगाईं ने डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून के आकाश सजवान को लगातार दो सेटों में 15-14 और 15-10 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रेरित की इस उपलब्धि से गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के श्रीनगर परिसर में खुशी का माहौल है। विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय महिला एवं पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन एसआरटी परिसर बादशाही थौल टिहरी के बहुउद्देशीय भवन स्थित बैडमिंटन हॉल में किया गया। प्रतियोगिता के पुरुष एकल वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून के आकाश सजवान ने डीबीएस पीजी कॉलेज देहरादून के कार्तिक कुमार को 15-13 और 15-11 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीनगर परिसर के प्रेरित ममगाईं ने टिहरी परिसर के राजीव कुमार को 15-12 और 15-10 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। देर रात तक चले फाइनल मुकाबले में प्रेरित ममगाईं और आकाश सजवान के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों खिलाड़ियों ने शानदार आक्रामक और रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया। प्रेरित ने बेहतरीन तालमेल और दमदार शॉट्स के दम पर मुकाबला जीतकर एकल चैंपियनशिप अपने नाम की। दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर पौड़ी परिसर से पहुंचे सुभाष भट्ट ने दोनों खिलाड़ियों को 500-500 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की। पुरुष टीम वर्ग में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने चैंपियनशिप हासिल की। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीनगर परिसर ने डीबीएस कॉलेज देहरादून को 15-12 और 15-13 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने एसजीआरआर पीजी कॉलेज देहरादून को 15-12 और 15-13 से पराजित किया। फाइनल मुकाबला डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून और श्रीनगर परिसर के बीच खेला गया। इसी दौरान श्रीनगर परिसर के एक खिलाड़ी के अचानक चोटिल होने के कारण डीएवी देहरादून को वॉकओवर मिला और पुरुष टीम चैंपियनशिप डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून के नाम घोषित की गई। प्रतियोगिता के आयोजक सचिव एवं टिहरी परिसर के खेल विभागाध्यक्ष प्रोफेसर केसी पेटवाल ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी टीमों और अतिथियों के साथ आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी अंतर विश्वविद्यालय नॉर्थ जोन प्रतियोगिता के लिए महिला और पुरुष टीमों का चयन किया गया है। महिला वर्ग में स्मृति तिवारी डीएवी कॉलेज देहरादून आस्था बोरा राठ महाविद्यालय पैठाणी मानसी कोठारी एसआरटी परिसर टिहरी वाडिका बधानी और अनु प्रेरणा डीबीएस कॉलेज देहरादून का चयन किया गया है। वहीं पुरुष वर्ग में प्रेरित ममगाईं श्रीनगर परिसर आकाश सजवान और कार्तिक कुमार डीएवी कॉलेज देहरादून राजीव कुमार परिसर बादशाही थौल टिहरी सचिन कुमार और मानस तिवारी डीबीएस देहरादून को टीम में स्थान मिला है। आयोजक सचिव प्रोफेसर केसी पेटवाल ने बताया कि महिला बैडमिंटन टीम महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में तथा पुरुष टीम जालंधर में आयोजित होने वाली उत्तरी क्षेत्र की अंतर विश्वविद्यालय नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संकाय अध्यक्ष वाणिज्य प्रोफेसर सुबोध कुमार शर्मा विभागाध्यक्ष गणित प्रोफेसर यूएस नेगी वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना प्रोफेसर शंकर लाल विश्वविद्यालय से आए डॉ.मोहित बिष्ट दिनेश रावत डॉ.आशुतोष सिंह डॉ.हंसराज बिष्ट डॉ.वंदना डोभाल संदीप रावत भगत सिंह चौहान रवि नेगी दिनेश ममगाईं और अजय नेगी उपस्थित रहे। इसके अलावा निर्णायक मंडल के सदस्य अमित सरियाल राजीव पेटवाल पारस राणा राजेश रावत जयपाल राणा अंश बिष्ट और सिद्धार्थ लामा भी मौजूद रहे। उनियाल प्रतिष्ठान से सुनील उनियाल अमित नैथानी रचेंद्र भंडारी सुभाष भट्ट और विकास सहित महिला एवं पुरुष वर्ग की विभिन्न टीमों के खिलाड़ी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *