प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में लक्सर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के अंतर्गत कोतवाली लक्सर पुलिस ने सुल्तानपुर क्षेत्र से एक शराब तस्कर को पांच लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर द्वारा गठित पुलिस टीमों ने क्षेत्र में सक्रिय रहकर चेकिंग एवं निगरानी के दौरान सुल्तानपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निशु पुत्र राजेश कुमार निवासी ग्राम महतौली कोतवाली लक्सर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली लक्सर में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल लोकमणी गौड़ और कांस्टेबल किशोर नेगी शामिल रहे।
