प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में लगभग 3000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित इस भव्य राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। जनपद देहरादून से राज्य जनजाति सलाहकार परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष गीता राम गौड़ जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल पूनम चमोली संदीप नेगी सुनील नेगी नरेश धारखोली सहित अन्य कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अतिरिक्त जनजाति विभाग द्वारा संचालित समस्त संस्थान भी वर्चुअल माध्यम यानी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राष्ट्रीय कार्यक्रम से जुड़े। इस अवसर पर जनजातीय समाज के उत्थान शिक्षा स्वास्थ्य आजीविका और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सौगातें दी गईं। इनमें देशभर के जनजातीय विद्यार्थियों के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय पीएम जनमन अभियान के अंतर्गत बहुउद्देशीय केंद्र तथा जनजातीय विरासत के संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान जनपद देहरादून के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। साथ ही जिले में निवासरत जनजातीय समुदायों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
