Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने में अब केवल एक दिन शेष रह गया है। भगवान बदरीविशाल के अंतिम दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते बदरीनाथ धाम में यातायात का दबाव भी काफी बढ़ गया है। वहीं आज सुबह से ही धाम में लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। कड़ाके की ठंड और प्रतिकूल मौसम के बावजूद चमोली पुलिस के जवान अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए पुलिस जवान बारिश और बर्फबारी के बीच सड़कों पर मुस्तैदी से डटे हुए हैं तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। विषम मौसम और बढ़ते यातायात दबाव के बीच भी चमोली पुलिस के जवान पूरी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं ताकि भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं का सफर सुरक्षित और सुगम बना रहे। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए चमोली पुलिस हर परिस्थिति में मुस्तैद रहकर अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *