Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास श्रीनगर गढ़वाल में 14 और 15 नवंबर 2026 को दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस 14 नवंबर को बाल दिवस के उपलक्ष्य में कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए खेल महोत्सव आयोजित किया गया। बाल दिवस भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन के अवसर पर मनाया जाता है। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ.रेखा उनियाल और विद्यालय के उपप्रबंधक रिद्धिस उनियाल ने जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करते हुए किया। इसके बाद विद्यालय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। विद्यालय के आकर्षक बैंड ने मंच से होते हुए विद्यालय ध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात विद्यालय की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी एवं स्पोर्ट्स कैप्टन काजल नौटियाल ने मशाल सेरेमनी संपन्न कराई। उनके साथ अन्य विद्यार्थियों ने मशाल को पूरे विद्यालय परिसर में घुमाया। इसके माध्यम से खेलो और आगे बढ़ो का संदेश दिया गया। इसके बाद प्रधानाचार्य डॉ.रेखा उनियाल ने कबूतरों को उड़ाकर वार्षिक खेल महोत्सव के शुभारंभ की घोषणा की। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों के लिए अनेक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नर्सरी से एलकेजी और यूकेजी के विद्यार्थियों के लिए कुर्सी दौड़ बैलून रेस और बॉल रेस कराई गई। कक्षा एक से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 50 मीटर दौड़ चम्मच दौड़ बोरा दौड़ रिंग दौड़ मेंढक दौड़ लंबी कूद बॉल रेस और रिंग रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 100 मीटर 200 मीटर 800 मीटर और 1500 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद डिस्कस थ्रो और अन्य खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और खेल महोत्सव का भरपूर आनंद लिया। प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ.रेखा उनियाल ने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में सीनियर बालक वर्ग में नीरज नेगी चैंपियन बने। उन्होंने 200 मीटर 400 मीटर और लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सीनियर बालिका वर्ग में कदर परवीन चैंपियन बनीं। उन्होंने 400 मीटर 800 मीटर और 1500 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सब जूनियर बालक वर्ग में अंश लिंगवाल चैंपियन बने। उन्होंने 200 मीटर 800 मीटर और डिस्कस थ्रो में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सब जूनियर बालिका वर्ग में आरोही चैंपियन बनीं। उन्होंने 100 मीटर 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राइमरी बालक वर्ग में हार्दिक पांडे चैंपियन बने। उन्होंने 50 मीटर दौड़ और लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि मेंढक दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल किया। प्राइमरी बालिका वर्ग में जिया चैंपियन बनीं। उन्होंने 50 मीटर और 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि लंबी कूद में द्वितीय स्थान हासिल किया। सदनों के बीच हुई प्रतियोगिता में रेड सदन ने 147 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्रीन सदन 92 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहा। येलो सदन ने 30 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया जबकि ब्लू सदन 25 अंकों के साथ चतुर्थ स्थान पर रहा। अंत में प्रधानाचार्य डॉ.रेखा उनियाल ने चैंपियन बने रेड सदन को चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की और वार्षिक खेल महोत्सव के समापन की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *