प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में प्रदेश में जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न पेंशन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अप्रैल से अक्टूबर तक समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 2698 नए लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। इस अवधि में वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 2307 लाभार्थियों को किसान पेंशन योजना के अंतर्गत 191 लाभार्थियों को तथा दिव्यांग पेंशन योजना के माध्यम से 200 लाभार्थियों को पेंशन का लाभ मिला है। इन योजनाओं के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके जीवनयापन में सहयोग देने के साथ ही सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभान्वित करना सुनिश्चित किया जाए। किसी भी पात्र व्यक्ति का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा स्वीकृत लाभार्थियों को पेंशन का भुगतान निर्धारित समय पर किया जाए। उन्होंने पेंशन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया है ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में योजना के लाभ से वंचित न रहे। जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि पेंशन लाभार्थियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के साथ ही पात्रता के अनुरूप नए लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पर भी ध्यान दिया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि पेंशन संबंधी प्रक्रिया सरल एवं सुगम रहे तथा लाभार्थियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि जनपद में सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर निरंतर कार्य किया जा रहा है।
