प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय देहरादून में डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का औपचारिक शुभारंभ किया गया। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर इस डिजिटल पहल की शुरुआत की। इस अवसर पर सूचना महानिदेशक ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का बेहद प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी जानकारियों को आम जनता तक बेहद सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फेक न्यूज के बढ़ते प्रभाव पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल दौर में प्रत्येक नागरिक की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि किसी भी सूचना को आगे बढ़ाने या साझा करने से पहले उसकी सत्यता की भली-भांति जांच अवश्य करे। उन्होंने कहा कि भ्रामक और गलत सूचनाओं के प्रसार पर अंकुश लगाने के लिए सभी को जिम्मेदारी के साथ डिजिटल माध्यमों का उपयोग करना होगा। स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के प्रसार पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया ने हमारी संस्कृति परंपराओं और त्योहारों को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हरेला इगास और छठ पूजा जैसे लोक पर्वों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि आज डिजिटल माध्यमों के जरिए हमारी लोक संस्कृति देश और दुनिया के कोने-कोने तक पहुंच रही है। उन्होंने युवा पीढ़ी और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया का उपयोग समाज में सकारात्मक संवाद विश्वसनीय सूचना और जनजागरूकता फैलाने के लिए करें। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग से सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकती है। इस दौरान सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने जिला सूचना कार्यालय देहरादून का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र सिंह नेगी कनिष्ठ सहायक इंद्रेश कोठारी सहित जिला सूचना कार्यालय के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।
