Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी की अध्यक्षता में जिला सूचना कार्यालय परिसर में भारतीय प्रेस परिषद द्वारा निर्धारित विषय ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’ पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में उपस्थित पत्रकारों ने वर्तमान दौर में पत्रकारिता की बदलती भूमिका और मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी के साथ समाचारों की तथ्यात्मकता एवं निष्पक्षता तथा डिजिटल और सोशल मीडिया के प्रभाव सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने उपस्थित सभी पत्रकारों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक तकनीक के इस दौर में प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से परिवर्तन हो रहा है और पत्रकारिता का स्वरूप भी व्यापक रूप से बदला है। डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाओं का प्रसार पहले की अपेक्षा कहीं अधिक तेजी से हो रहा है। ऐसे में पत्रकारिता की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि समाचारों को आकर्षक बनाने के लिए सनसनीखेज प्रस्तुति का सहारा लिया जा सकता है लेकिन किसी भी खबर की मूल भावना उसकी तथ्यात्मकता निष्पक्षता और विश्वसनीयता होनी चाहिए। समाचारों का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़े तथा आमजन तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचे यह पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है। वरिष्ठ पत्रकार बीडी शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए अपनी लेखनी में सत्यनिष्ठा ईमानदारी और विश्वास बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस दौर में पत्रकारिता को परजीवी प्रवृत्ति से बचाते हुए स्वतंत्र एवं मौलिक चिंतन को बढ़ावा देना होगा। किसी भी समाचार को प्रकाशित अथवा प्रसारित करने से पहले उसका तथ्यात्मक विश्लेषण और सत्यापन किया जाना चाहिए ताकि पाठकों और समाज तक विश्वसनीय सूचनाएं पहुंच सकें। उन्होंने इस संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए। वरिष्ठ पत्रकार गिरिधर गोपाल लुथरा ने कहा कि पत्रकारिता में संवेदनशील विषयों पर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। ऐसे विषयों से संबंधित समाचार प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील घटनाओं की अपुष्ट अथवा भ्रामक जानकारी समाज में नकारात्मक संदेश दे सकती है जिसका व्यापक स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए ऐसे मामलों में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम चन्द जोशी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारिता का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है और देश एवं समाज के प्रति मीडिया की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में संवेदनशीलता के साथ-साथ तथ्यों की प्रमाणिकता भी आवश्यक है। उत्तराखंड राज्य आपदा की दृष्टि से संवेदनशील है। ऐसे में आपदा की घटनाओं और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों के दौरान प्रसारित होने वाले समाचारों का व्यापक प्रभाव पड़ता है। इसलिए समाचारों के प्रकाशन एवं प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि करना तथा आमजन तक सही सटीक और विश्वसनीय सूचनाएं पहुंचाना पत्रकारिता का मूल धर्म होना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार पिताम्बर कुमार ने कहा कि मीडिया को समाज सरकार और विभिन्न समुदायों के बीच संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। पत्रकारिता केवल व्यवसाय तक सीमित न रहकर निष्पक्ष निर्भीक और जनहित के प्रति समर्पित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया का दायित्व सरकार और समाज की कमियों को उजागर करने के साथ ही उनमें सुधार के लिए सकारात्मक पहल और जनजागरूकता को प्रोत्साहित करना भी है। गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रेश कोहली उमाशंकर कुकरेती संदीप शर्मा हिना सूर्य प्रकाश जगमोहन मौर्य अवनीश कुमार रमन जायसवाल कुलदीप सिंह शिवनारायण और राहुल शर्मा सहित अन्य पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में सूचनाओं की अधिकता और उनके त्वरित प्रसार के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है। इसके लिए समाचारों की पुष्टि भाषा की मर्यादा सामाजिक संवेदनशीलता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है। गोष्ठी के अंत में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचारों का प्रसार करना नहीं है बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना जनसमस्याओं को उचित मंच प्रदान करना शासन-प्रशासन को जनहित के प्रति जवाबदेह बनाना और समाज को जागरूक करना भी है। सनसनी के स्थान पर तथ्यपरकता निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देकर ही मीडिया के प्रति आमजन का विश्वास कायम रखा जा सकता है। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रेश कोहली उमाशंकर कुकरेती प्रेम पंचौली संदीप शर्मा हिना सूर्य प्रकाश जगमोहन मौर्य अमित नेगी अवनीश कुमार रमन जायसवाल कुलदीप सिंह शिवनारायण राहुल शर्मा भुवनेश थपलियाल सोहनवीर सिंह धीरवान मुकेश कुमार मानव डोभाल आकाश सिंह और जसपाल राणा सहित अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र नेगी कनिष्ठ सहायक इन्द्रेश जिला सूचना कार्यालय के कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *