Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की वेतन संबंधी भ्रांतियों को दूर करते हुए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब प्राथमिक शिक्षा से माध्यमिक शिक्षा में सहायक अध्यापक एलटी के पदों पर पदोन्नत होने वाले शिक्षकों की समान वेतनमान वाले पद पर की गई पूर्व सेवाओं को भी चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान की गणना में शामिल किया जाएगा। सरकार के इस निर्णय से विभाग में कार्यरत हजारों शिक्षकों को लाभ मिलेगा। विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद शासन स्तर से इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है। विभिन्न शिक्षक संगठनों ने सरकार के इस निर्णय पर खुशी जताते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत हजारों शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान की स्वीकृति से संबंधित छह सितंबर 2019 को जारी शासनादेश में संशोधन किया है। इस संशोधन से प्राथमिक शिक्षा से माध्यमिक शिक्षा में सहायक अध्यापक एलटी के पदों पर पदोन्नत होने वाले शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। सचिव विद्यालयी शिक्षा ज्योति यादव की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षण संस्थाओं के शैक्षणिक पदों पर नियमित रूप से नियुक्त और कार्यरत कार्मिकों को साधारण वेतनमान में 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी करने पर चयन वेतनमान दिया जाएगा। वहीं चयन वेतनमान में 12 वर्ष की नियमित एवं संतोषजनक सेवा पूरी करने पर प्रोन्नत वेतनमान स्वीकृत किया जाएगा। पूर्व में जारी शासनादेश में संशोधन के माध्यम से प्राथमिक शिक्षा से माध्यमिक शिक्षा में पदोन्नत एलटी शिक्षकों की समान वेतनमान वाले पद पर की गई पूर्व सेवाओं को भी सेवा अवधि की गणना में शामिल करने का स्पष्ट प्रावधान किया गया है। सरकार के इस निर्णय से उन शिक्षकों को विशेष लाभ मिलेगा जिनकी पदोन्नति के कारण सेवा अवधि की गणना को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। संशोधित शासनादेश के अनुसार प्राथमिक शिक्षा से पदोन्नत होकर माध्यमिक शिक्षा में एलटी संवर्ग के पदों पर कार्यरत ऐसे शिक्षकों की प्राथमिक शिक्षा में समान वेतनमान वाले पद पर की गई सेवाओं को भी चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान की गणना में शामिल किया जाएगा। शासन ने स्पष्ट किया है कि संशोधित प्रावधान के अतिरिक्त पूर्व शासनादेश की अन्य सभी शर्तें और प्रावधान यथावत रहेंगे। राज्य सरकार द्वारा शिक्षक हित में किए गए इस संशोधन को प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में कार्यरत कार्मिकों की सेवा संबंधी विसंगतियों के निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के शिक्षकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार ने चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान की स्वीकृति से संबंधित नियमों में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। इस निर्णय से प्राथमिक शिक्षा से पदोन्नत होकर माध्यमिक शिक्षा में सहायक अध्यापक एलटी के पदों पर कार्यरत शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *