Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने सोमवार को एआरटीओ कार्यालय हरिद्वार और चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में आमजन की सुविधा के लिए संचालित चैटबॉट और टोकन प्रणाली की सराहना की। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अपर परिवहन आयुक्त ने कार्यालय निरीक्षण के दौरान विभिन्न पंजिकाओं और अभिलेखों का अवलोकन किया। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन से संबंधित कार्यवाही की समीक्षा की। निर्धारित राजस्व लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि प्राप्त होने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। आमजन को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यालय में संचालित चैटबॉट और टोकन प्रणाली जैसी पहलों की उन्होंने प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान आरटीआई की प्राप्ति और प्रेषण पंजिकाओं में प्रविष्टियां व्यवस्थित पाई गईं। सनत कुमार सिंह ने आवेदनों और उनके उत्तरों की निगरानी को अधिक सुगम बनाने के लिए दो अलग-अलग पंजिकाओं के स्थान पर एक संयुक्त पंजी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर दिया। साथ ही आमजन को कार्यालय की प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने तथा कार्यालय की साफ-सफाई और जनसुविधाओं पर नियमित ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके बाद अपर परिवहन आयुक्त ने चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एआरटीओ प्रशासन और एआरटीओ प्रवर्तन को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा इंटीरियर डिजाइनर और निर्माणदायी संस्था के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अंतिम डिजाइन में ऐसे रचनात्मक और उपयोगी सुझाव शामिल करने को कहा जिससे बच्चों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा की जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से मिल सके। अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने निर्माणदायी संस्था को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *