Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के साथ ही संभावित दुर्घटनाओं एवं अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस ने स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग की। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने वाहनों की तकनीकी फिटनेस और निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की। इसके साथ ही वाहनों में निर्धारित क्षमता के अनुरूप बच्चों को बैठाने की व्यवस्था अग्निशमन यंत्र प्राथमिक उपचार किट आपातकालीन निकास द्वार और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों और परिचालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेजों का भी सत्यापन किया। इस दौरान वाहन चालकों को निर्देशित किया गया कि बच्चों को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्हें निर्धारित गति सीमा का पालन करने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी परिस्थिति में लापरवाही न बरती जाए। इसके साथ ही बच्चों को बस में चढ़ाने और उतारने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *