Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर ने सोमवार 16 नवंबर 2026 को कोतवाली अगस्त्यमुनि का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक ने सबसे पहले कोतवाली में व्यवस्थित गार्द का मान-प्रणाम स्वीकार किया। इसके बाद थाना परिसर का भ्रमण कर थाना कार्यालय बैरक आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निरीक्षण किया और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कोतवाली में नियुक्त पुलिस कार्मिकों से शस्त्राभ्यास कराया गया तथा शस्त्रों को खोलने और जोड़ने की ड्रिल कराई गई। इस दौरान नियमित रूप से शस्त्राभ्यास करने और शस्त्रों की साफ-सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। थाने को आवंटित सरकारी संपत्ति और आपदा उपकरणों का निरीक्षण कर उनके संचालन की जानकारी भी ली गई। मालखाने के निरीक्षण के दौरान निस्तारित अभियोगों से संबंधित मालों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने और लंबित मालों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सीसीटीएनएस कार्यालय का निरीक्षण करते हुए ऑनलाइन पोर्टल पर की जा रही प्रविष्टियों अभिलेखों के रखरखाव और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। पुलिस उपाधीक्षक ने सीसीटीएनएस में सभी आवश्यक प्रविष्टियां समयबद्ध और शुद्ध रूप से दर्ज करने डाटा अद्यतन रखने तथा पोर्टल पर लंबित कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। थाने के विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों का भी बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों को निरंतर चेक करते हुए उन पर प्राप्त प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्रतिदिन लॉगिन कर लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों में प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उपस्थित उपनिरीक्षकों को विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यातायात नियमों और मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने तथा निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने को भी कहा गया। हल्का और बीट प्रभारियों को अपनी-अपनी बीट में सक्रिय रहकर क्षेत्र की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा ई-बीट बुक में संबंधित सूचनाओं और विवरणों को पूरी तरह अद्यतन करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के अंत में पुलिस उपाधीक्षक ने कोतवाली में नियुक्त समस्त कार्मिकों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान किसी भी कार्मिक ने कोई समस्या प्रस्तुत नहीं की। उन्होंने सभी कार्मिकों को पूर्ण लगन निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय और व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अवसर पर प्रभारी निरीक्षक अगस्त्यमुनि गुमान सिंह वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेश रावत उपनिरीक्षक सुरेश रतूड़ी सहित कोतवाली अगस्त्यमुनि का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *