प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार 16 नवंबर 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने पुनर्वास प्रतिकर भुगतान आपदा से क्षतिग्रस्त आवास एवं पुलिया सड़क पेयजल पेंशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 27 शिकायतें और मांगपत्र प्रस्तुत किए। मुख्य विकास अधिकारी ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विकासखंड नरेंद्रनगर के ग्राम जंगलेथ निवासी सुशीला देवी ने आपदा के दौरान मकान क्षतिग्रस्त होने के कारण अन्यत्र विस्थापित किए जाने के लिए शेष धनराशि उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विकासखंड जौनपुर के ग्राम झकोगी निवासी जबर सिंह ने झकोगी के बंग्याल ज्वारन मोटर मार्ग के मध्य भौकियाल से उसत्याण तक दो किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग रखी। इस पर लोक निर्माण विभाग चंबा को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मॉडल हाउस नई टिहरी निवासी सत्य प्रसाद नौटियाल ने बिजली का बिल अधिक आने और मीटर बदलने की मांग की। इस पर विद्युत विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विकासखंड चोलधार के ग्राम बौर निवासी आजाद सिंह ने अपनी भूमि पर जबरन विद्युत पोल लगाए जाने और लाइनमैन द्वारा कई दिनों से पोल हटाने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि जनता दर्शन के माध्यम से आमजन को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। प्रशासन द्वारा प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उसका समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्राप्त शिकायतों की भी नियमित समीक्षा की जा रही है और शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिल सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राम प्रकाश जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
