प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नगर पालिका परिषद पौड़ी की ओर से आयोजित शरदोत्सव का सोमवार 16 नवंबर 2026 को पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत करने के साथ रूट मार्च पास्ट निकाला। मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने मार्च पास्ट की सलामी ली। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि शरदोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला संस्कृति और हुनर प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय स्तर पर उभरने वाली प्रतिभाओं को आगे चलकर बड़े मंचों पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और उन्हें बाजार उपलब्ध कराने पर प्रधानमंत्री का विशेष जोर रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं और स्थानीय उत्पादों का दायरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश और समाज का भविष्य है। युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक कार्यों और बेहतर भविष्य के निर्माण में करना चाहिए। वहीं शरदोत्सव के अंतर्गत आयोजित वार्ड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन भी रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता के पहले मैच में वार्ड संख्या आठ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड संख्या सात की टीम को 5-0 से पराजित किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल नेगी अधिशासी अधिकारी नगरपालिका संजय कुमार सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
