प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील हरकतें करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली सिडकुल पुलिस ने सड़क पर आने-जाने वाले लोगों पर अश्लील फब्तियां कसने और अश्लील हरकतें करने के आरोप में पांच महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार 15 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर राठौर प्लाजा होटल से उत्तर दिशा की ओर सिडकुल जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि पांच महिलाएं सिडकुल जाने वाले मार्ग पर घूम रही हैं और सड़क से आने-जाने वाले पुरुषों को देखकर अश्लील हरकतें कर रही हैं। आरोप है कि महिलाएं राहगीरों को रोककर उनसे ग्राहक मिलने संबंधी बातें कह रही थीं। इससे सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा था और आसपास के लोगों में रोष व्याप्त था। सूचना पर पहुंची सिडकुल पुलिस ने पांचों महिलाओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में ली गई महिलाओं में पहली महिला निवासी मकान नंबर 139 फरीदपुर काजी थाना बिजनौर जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश हाल निवासी रावली महदूद निकट रामधाम थाना सिडकुल हरिद्वार है। दूसरी महिला निवासी नगला चरथावल थाना चरथावल जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश हाल निवासी सलेमपुर महदूद थाना सिडकुल हरिद्वार है। तीसरी महिला निवासी मकान नंबर 318 भेल टिबड़ी निकट रानीपुर मोड़ थाना रानीपुर जिला हरिद्वार है। चौथी महिला निवासी ग्राम एवं थाना हेमपुर जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश हाल निवासी मीनाक्षीपुरम थाना सिडकुल हरिद्वार है। पांचवीं महिला निवासी सुरज्यापुर थाना चकुलिया पश्चिम बंगाल हाल निवासी रोशनाबाद थाना सिडकुल हरिद्वार है। पुलिस ने पांचों महिलाओं के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक मनीषा नेगी कांस्टेबल प्रदीप कांस्टेबल सुनील तोमर महिला कांस्टेबल रीना और महिला पीआरडी अंजना नेगी शामिल रहीं।
