प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंडी पर्यटन रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन (उत्तरा) के 15 सदस्यीय दल ने ‘पहल पौड़ी’ कार्यक्रम के अंतर्गत पर्वतीय पर्यटन एवं आतिथ्य अध्ययन केंद्र के होटल मैनेजमेंट के छात्रों के साथ हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री के प्रयोगात्मक पक्ष पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। प्रदेशभर से पहुंचे पर्यटन एवं होटल इंडस्ट्री से जुड़े उद्यमियों ने केंद्र में विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनके साथ संवाद किया। इस दौरान उद्यमियों ने छात्रों को पर्यटन उद्योग के व्यावहारिक स्वरूप से अवगत कराया और उन्हें इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के निदेशक प्रोफेसर राकेश ड्योढ़ी ने की। इस अवसर पर उत्तरा के अध्यक्ष प्रशांत मैठाणी और सचिव देव पोखरियाल सहित एसोसिएशन के अनेक सदस्यों ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव और विचार साझा किए। कार्यक्रम में प्रबंधन संकाय की संकायाध्यक्ष प्रोफेसर रश्मि ड्योढ़ी डॉ.अनुराग गोयल डॉ.सर्वेश उनियाल डॉ.अविनाश चमोली डॉ.अनिल कुमार होटल मैनेजमेंट के प्राध्यापक और पर्यटन शोधार्थी उपस्थित रहे। उत्तरा के सदस्यों का दल पहल पौड़ी कार्यक्रम के अंतर्गत तीन दिनों तक पौड़ी एवं समीपवर्ती पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेगा। इस दौरान दल के सदस्य होम स्टे होटल रिजॉर्ट सहित स्थानीय उत्पादों के विक्रय केंद्रों का अवलोकन करेंगे और विभिन्न पर्यटन उद्यमी समूहों के साथ संवाद स्थापित करेंगे।
