प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में अपराधों की रोकथाम और ग्राम स्तर पर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से टिहरी पुलिस लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में 16 नवंबर 2026 को थाना हिंडोलाखाल पुलिस ने थाना परिसर में क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रहरियों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में ग्राम प्रहरियों को उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए गांवों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों की रोकथाम के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने गांवों में आने वाले बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों की जानकारी एकत्रित करें तथा मकान मालिकों द्वारा रखे गए किरायेदारों फड़-ठेली संचालकों और बाहरी श्रमिकों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन सुनिश्चित कराने में सहयोग करें। इससे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर समय रहते नजर रखी जा सकेगी। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ग्राम प्रहरियों से कहा गया कि गांव में महिलाओं से संबंधित किसी भी आपराधिक घटना घरेलू हिंसा उत्पीड़न अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना हिंडोलाखाल पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही अपने-अपने गांवों में निवासरत शस्त्र लाइसेंस धारकों और उनके लाइसेंसी असलहों का सत्यापन कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए। ग्राम प्रहरियों को गांवों में सक्रिय शरारती और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा उनके संबंध में आवश्यक सूचनाएं पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया। गोष्ठी में प्रत्येक हल्का प्रभारी और बीट अधिकारी को ग्राम प्रहरियों के साथ निरंतर संपर्क और समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई समय से सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस दौरान ग्राम प्रहरियों को बताया गया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और गांवों में होने वाली छोटी-बड़ी घटनाओं संदिग्ध गतिविधियों तथा आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंचाकर अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। टिहरी पुलिस ने जनपद के समस्त ग्रामवासियों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों बाहरी व्यक्तियों और श्रमिकों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना पुलिस को दें। टिहरी पुलिस ने कहा कि आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प है।
