Spread the love

प्रदीप कुमार
बहादराबाद-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरोह के चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करने वाले आरोपी मुकुल पाल के बाएं पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय हरिद्वार में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर पांच अवैध पिस्टल .32 बोर एक तमंचा .315 बोर और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 15 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ व्यक्ति बौंगला तिराहे पर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर बौंगला तिराहे के आसपास घेराबंदी की गई। कुछ समय बाद एक व्यक्ति पैदल और दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने दबिश देकर दो संदिग्धों को मौके पर ही पकड़ लिया जबकि तीसरा संदिग्ध मुकुल पाल भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो वह गन्ने के खेत में घुस गया और पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी लेकिन इसके बावजूद उसने दोबारा फायर किया। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की जिसमें मुकुल पाल के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को अभिरक्षा में लेकर तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा। पकड़े गए आरोपियों की तलाशी और पूछताछ में मुकुल पाल के कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ जबकि भूपेन्द्र के कब्जे से एक .315 बोर तमंचा बरामद किया गया। वहीं आरोपी विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो .32 बोर पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद 16 नवंबर 2026 की रात्रि को ग्राम बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक अन्य संदिग्ध प्रशांत कुमार को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस प्रकार पुलिस ने अवैध असलहा तस्करी में शामिल कुल चार आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरोह का पर्दाफाश किया। पकड़े गए आरोपियों में मुकुल पाल पुत्र कन्हैया निवासी ग्राम बमौरी थाना सरधना जनपद मेरठ उम्र 25 वर्ष भूपेन्द्र पुत्र विजय कुमार निवासी ग्राम मंसूरपुर जोहरा थाना मंसूरपुर जनपद मुजफ्फरनगर उम्र 20 वर्ष विशाल कुमार पुत्र मंगता निवासी वाल्मीकि मंदिर के पास कस्बा बहादराबाद जनपद हरिद्वार उम्र 26 वर्ष और प्रशांत कुमार पुत्र निर्दोष कुमार निवासी दादूपुर गोविंदपुर कोतवाली रानीपुर जनपद हरिद्वार उम्र 23 वर्ष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल पांच अवैध पिस्टल .32 बोर एक अवैध तमंचा .315 बोर सात जिंदा कारतूस एक स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिल संख्या यूपी12सीएफ8457 एक बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूके08एयू4581 और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी मुकुल पाल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और आयुध अधिनियम के अंतर्गत जबकि भूपेन्द्र विशाल कुमार और प्रशांत कुमार के विरुद्ध आयुध अधिनियम के अंतर्गत अभियोग दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में कोतवाली बहादराबाद के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान उपनिरीक्षक विकास रावत उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज उपनिरीक्षक अजय कुमार हेड कांस्टेबल राजवर्धन कांस्टेबल अवनेश राणा कांस्टेबल हिमांशु पंत कांस्टेबल पंकज बिष्ट हेड कांस्टेबल सुधाकर कांस्टेबल विकास थापा कांस्टेबल शाह आलम और होमगार्ड अभिषेक चौधरी शामिल रहे। सीआईयू रुड़की की टीम से प्रभारी उपनिरीक्षक संजय पुनिया सहायक उपनिरीक्षक अश्वनी यादव हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी कांस्टेबल रवींद्र खत्री कांस्टेबल महिपाल तोमर और कांस्टेबल आशीष शर्मा ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *