प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मेघना असवाल की अध्यक्षता में नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य सुरक्षा एवं बेहतर देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 15 से 21 नवंबर 2026 तक मनाए जा रहे नवजात शिशु सप्ताह को लेकर जिला चिकित्सालय पौड़ी में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.हितेन जंगपानी ने उपस्थित चिकित्सा कर्मियों को नवजात शिशुओं की गुणवत्तापूर्ण देखभाल जन्म के तुरंत बाद आवश्यक देखभाल कंगारू मदर केयर टीकाकरण संक्रमण से बचाव तथा नवजात शिशुओं में खतरे के लक्षणों की समय पर पहचान सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने स्तनपान के सही तरीकों एवं उसके महत्व नवजात शिशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने तथा उच्च जोखिम वाले नवजात शिशुओं की समयबद्ध पहचान एवं उचित रेफरल व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल नवजात अवस्था में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं उनकी समय पर पहचान एवं प्रबंधन तथा आवश्यक चिकित्सकीय सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रभावी चिकित्सकीय प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर की सभी चिकित्सा इकाइयों से कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर एएनएम चिकित्सा अधिकारी और नर्सिंग अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे। इस दौरान जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एलडी सेमवाल डॉ.अलीशा सचदेवा डॉ.राजनंदिनी सहित अन्य चिकित्सा कर्मी मौजूद रहे।
