प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के दिशा-निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश नीना अग्रवाल के मार्गदर्शन में 16 नवंबर 2026 को राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग के जवाड़ी परिसर में अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में छात्र-छात्राओं को अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि प्रतिवर्ष 16 नवंबर को यह दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में आपसी प्रेम सद्भाव शांति समानता तथा एक-दूसरे के विचारों संस्कृतियों और विविधताओं के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है। सहिष्णुता एक शांतिपूर्ण एवं समरस समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। इस अवसर पर सचिव पायल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सहिष्णुता केवल दूसरों के विचारों को स्वीकार करना ही नहीं है बल्कि समाज में आपसी सम्मान सहयोग और भाईचारे की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने भविष्य एवं समाज के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 14 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक संचालित किए जा रहे ‘नालसा डॉन पखवाड़ा जागरूकता अभियान’ के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस अभियान का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्तियों विशेषकर बच्चों को आवश्यक विधिक सहायता एवं परामर्श उपचार और पुनर्वास सेवाओं से जोड़ना है। शिविर में बताया गया कि नालसा की डॉन योजना के अंतर्गत नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही नशे से प्रभावित बच्चों को उचित मार्गदर्शन उपचार एवं पुनर्वास की सुविधाओं तक पहुंच उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाता है ताकि उन्हें नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की ओर प्रेरित किया जा सके। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों निःशुल्क विधिक सहायता महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर पराविधिक स्वयंसेवकों की ओर से नशा मुक्ति विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से नशे की बढ़ती प्रवृत्ति तथा इसके व्यक्ति परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
