Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनगणना के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों की ओर से विभिन्न शिक्षण संस्थानों विद्यालयों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऑनलाइन स्व-गणना पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से परिवारों का विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी ने जनगणना प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर जनपद के तीनों विकासखंडों के लिए रवाना किया। यह वाहन गांव-गांव जाकर जनपद के नागरिकों को स्व-गणना प्रक्रिया के बारे में जानकारी देने के साथ जागरूक करेगा। कार्यशाला में बताया गया कि डिजिटल इंडिया अभियान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप जनगणना में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के साथ-साथ जनसंख्या गणना के चरण में भी स्व-गणना का विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके माध्यम से परिवार अपनी सुविधानुसार घर बैठे ही परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। यह प्रक्रिया सुरक्षित सरल एवं सुविधाजनक होगी। स्व-गणना के लिए https://se.census.gov.in वेब पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। यह पोर्टल प्रगणकों की ओर से घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य शुरू करने से ठीक पहले 15 दिनों की अवधि के लिए खुला रहेगा। पोर्टल हिंदी अंग्रेजी सहित क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगा। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि पोर्टल पर परिवार का विवरण सफलतापूर्वक दर्ज करने के बाद अंग्रेजी के ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट स्व-गणना आईडी जारी होगी। यह आईडी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होगी। इस आईडी को परिवार के सभी सदस्यों के साथ साझा करना आवश्यक होगा ताकि जनगणना प्रगणक के घर पहुंचने पर परिवार का कोई भी उपलब्ध सदस्य उन्हें यह आईडी उपलब्ध करा सके। इससे स्व-गणना में दर्ज विवरण का सत्यापन एवं अंतिम प्रस्तुतीकरण आसान हो सकेगा। कार्यशाला में स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया गया। इस दौरान पोर्टल पर उपलब्ध उपयोगकर्ता मार्गदर्शिका ट्यूटोरियल वीडियो फ्लोचार्ट प्रश्नावली वर्चुअल असिस्टेंट टूलटिप और अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों की जानकारी भी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने जनगणना से जुड़े कार्यों के सफल संचालन के लिए प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान अनुदेशक आईटीआई रुद्रप्रयाग के मास्टर ट्रेनर योगेश रैवानी एवं संदीप कुमार ने स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करने परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज करने निर्धारित प्रश्नावली भरने तथा प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त होने वाली स्व-गणना आईडी के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए स्व-गणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से आमजन घर बैठे आसानी से अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना की प्रक्रिया को अधिक सरल पारदर्शी एवं सुगम बनाने में मदद मिलेगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली जिला समाज कल्याण अधिकारी टीएस मलेठा जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली और जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *