प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आपदा प्रबंधन दिवस पर शनिवार को जनपद चमोली में राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशन में जनपद के आठ स्थानों पर भूकंप भूस्खलन त्वरित बाढ़ सुरंग में जलभराव सड़क दुर्घटना वन्यजीव हमले हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग और अग्निकांड जैसी परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। जिलाधिकारी ने जिला आपदा परिचालन केंद्र से सभी घटनास्थलों की निगरानी करते हुए इंसिडेंट कमांडरों से सीधे संपर्क कर बचाव कार्यों की प्रगति जानी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तहसील ज्योतिर्मठ के तपोवन एनटीपीसी टनल में बाढ़ और जलभराव से करीब 20 से 22 श्रमिकों एवं तकनीकी कर्मचारियों के फंसने का परिदृश्य तैयार किया गया। बचाव दलों ने सुरंग में फंसे लोगों की खोज और सुरक्षित निकासी का अभ्यास किया। जीएमवीएन परिसर ज्योतिर्मठ में 6.0 तीव्रता के भूकंप से भवन के पांच कक्ष क्षतिग्रस्त होने और 12 से 14 लोगों के फंसने की स्थिति में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल हाट में भूस्खलन से सुरंग के प्रवेश और निकास मार्ग अवरुद्ध होने तथा 15 से 20 श्रमिकों के फंसने का अभ्यास किया गया। तहसील कर्णप्रयाग के चटवापीपल में राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेंपो ट्रैवलर दुर्घटना में 14 से 16 यात्रियों के फंसने की स्थिति में घायलों को निकालकर उपचार के लिए भेजने का अभ्यास किया गया। पोखरी के मोहनखाल मार्ग पर भालू के हमले से दो व्यक्तियों के गंभीर घायल होने का परिदृश्य तैयार कर चिकित्सकीय सहायता और वन्यजीव को सुरक्षित पकड़ने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। घाट तहसील के कुंतरी गांव के समीप खेत में हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग के दौरान यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा तथा घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास हुआ। राजकीय इंटर कॉलेज थराली में 6.0 तीव्रता के भूकंप से भवन के दो कक्ष क्षतिग्रस्त होने और करीब 40 विद्यार्थियों के फंसने की स्थिति में बचाव अभियान चलाया गया। वहीं गैरसैंण तहसील के कालिमाटी गांव में भीषण अग्निकांड से आबादी क्षेत्र को खतरा होने के परिदृश्य में आग पर नियंत्रण पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया। सभी आठ स्थलों पर संबंधित इंसिडेंट कमांडरों के नेतृत्व में पुलिस एसडीआरएफ डीडीआरएफ आईटीबीपी एनडीआरएफ सेना के गढ़वाल स्काउट एसएसबी सीआईएसएफ स्वास्थ्य अग्निशमन वन राजस्व लोक निर्माण विद्युत जल संस्थान सिंचाई परिवहन पशुपालन एनटीपीसी टीएचडीसी और स्थानीय निकायों सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने प्रतिभाग किया। अभ्यास के दौरान एंबुलेंस जेसीबी एक्सकेवेटर क्रेन अग्निशमन वाहन पानी के टैंकर डिवाटरिंग पंप हाइड्रोलिक एवं आयरन कटर जैक वुड कटर रस्सियां सर्चलाइट और सैटेलाइट फोन सहित आपदा प्रबंधन उपकरणों की उपलब्धता एवं उपयोग भी परखा गया। वन्यजीव हमले के अभ्यास के लिए एनिमल ट्रैप केज और ट्रैंक्विलाइजर गन की व्यवस्था रखी गई। सभी घटनास्थलों की गतिविधियों का ऑनलाइन प्रसारण कर जिला आपदा परिचालन केंद्र से निगरानी और समन्वय किया गया। अभ्यास में घायलों की सुरक्षित निकासी प्राथमिक उपचार अस्पताल पहुंचाने संचार व्यवस्था और विभागों के बीच त्वरित समन्वय की क्षमता परखी गई। ज्योतिर्मठ में तहसीलदार अमित द्विवेदी जीएमवीएन ज्योतिर्मठ में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित पीपलकोटी में तहसीलदार दीप्ति शिखा चटवापीपल में तहसीलदार सुधा डोभाल पोखरी में खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह नेगी कुंतरी में खंड विकास अधिकारी नंदानगर चंद्र प्रकाश बलूनी थराली में उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह और कालिमाटी में उपजिलाधिकारी अबरार अहमद इंसिडेंट कमांडर रहे। जिला आपदा परिचालन केंद्र में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित आईआरएस प्रणाली के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपदा के दौरान जनहानि न्यूनतम रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को त्वरित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सभी विभागों एवं बचाव एजेंसियों की तैयारी और आपसी समन्वय को मजबूत बनाना है।
