प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी बांध से 1000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद गंगा नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने और बाढ़ की आशंका को देखते हुए संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान थाना मुनिकीरेती पुलिस एसडीआरएफ जल पुलिस फ्लड कंपनी नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल में नदी के संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क करने और प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। साथ ही घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की तैयारियों को भी परखा गया। पुलिस और जल पुलिस ने नदी तटवर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा एवं निगरानी की जिम्मेदारी संभाली जबकि एसडीआरएफ और फ्लड कंपनी ने बचाव अभियान चलाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने तथा नगर पालिका की टीम ने राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य संभावित बाढ़ की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना रहा। इसके साथ ही नदी के आसपास रहने वाले स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध संसाधनों की कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया। इसी क्रम में जनपद के अन्य थानों की ओर से भी अपने-अपने क्षेत्रों में संभावित आपदाओं को देखते हुए संबंधित विभागों के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इनमें राहत एवं बचाव कार्यों के साथ आपदा प्रबंधन की तैयारियों और संसाधनों की उपलब्धता का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में विभागों की प्रतिक्रिया क्षमता संचार व्यवस्था और आपसी समन्वय को भी परखा गया। टिहरी पुलिस ने कहा कि जनपद में संभावित आपदा बाढ़ अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस और संबंधित विभाग सजग एवं तत्पर हैं। आमजन की सुरक्षा के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
