प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद के दिव्यांगजनों को सरकारी सुविधाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए नौ दिसंबर 2026 को प्रताप इंटर कॉलेज नई टिहरी में दिव्यांग कल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि सुबह 11 बजे से आयोजित शिविर में समाज कल्याण विभाग और स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाने के साथ पुराने प्रमाण-पत्रों के नवीनीकरण की सुविधा दी जाएगी। पात्र दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए आवश्यक अभिलेख जमा किए जाएंगे। इसके अलावा दिव्यांगजनों और वृद्धजनों के आधार कार्ड बनाने तथा उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जाएगा। जरूरतमंद दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर कान की मशीन बैसाखी छड़ी सहित कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की कार्रवाई भी की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत शिविर में नए दिव्यांग मतदाताओं का पंजीकरण और मतदाता सूची में दिव्यांग मतदाताओं की पहचान के लिए पीडब्ल्यूडी मार्किंग भी की जाएगी। इसके साथ ही दिव्यांगजनों को मतदान के प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। शिविर में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी दिव्यांगजनों और समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों से शिविर में पहुंचकर सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर के सफल संचालन के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी टिहरी गढ़वाल को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक दिव्यांगजनों तक शिविर का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
