Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने शनिवार 28 नवंबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन गोपेश्वर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस लाइन पहुंचने पर उन्होंने सर्वप्रथम गार्द की सलामी ग्रहण की। इसके बाद पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शस्त्रागार और स्टोर कार्यालय के साथ जिम तथा पुलिस बैरक का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस भोजनालय और पुलिस दूरसंचार केंद्र के साथ महिला हेल्पलाइन तथा सीपीसी कैंटीन का भी जायजा लिया। इसके अलावा पुलिस पेट्रोल पंप और पुलिस लाइन के आवासीय परिसरों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस विभाग के निर्माणाधीन भवनों की प्रगति और निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित शाखा प्रभारियों से कार्यप्रणाली और उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव करने तथा साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइन की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के साथ ही पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने और पूरे परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है ताकि वे पूरी ऊर्जा और मनोयोग के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहते हुए कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *