प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने और संगठित अपराध में संलिप्त आदतन अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के साथ ही साइबर अपराधों की विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल ने एएनटीएफ और साइबर सेल की समीक्षा कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी और साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित शाखाएं निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। एसएसपी ने एएनटीएफ को निर्देश दिए कि जनपद में पिछले पांच वर्षों के दौरान एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों की वर्तमान स्थिति का रिकॉर्ड तैयार किया जाए। इसमें अभियुक्तों के विरुद्ध दर्ज मुकदमों और पूर्व आपराधिक गतिविधियों सहित उपलब्ध अन्य जानकारियों का पूरा विवरण संकलित किया जाए। इसके अतिरिक्त वर्तमान में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जा रहे व्यक्तियों को चिह्नित कर उनका विस्तृत विवरण तैयार किया जाए। ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों और आपसी संपर्कों के साथ ही नशा तस्करी के नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जाए। एसएसपी ने निर्देश दिए कि बार-बार नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले और संगठित रूप से मादक पदार्थों का अवैध कारोबार संचालित करने वाले अभियुक्तों के विरुद्ध उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्धारित मानकों के अनुसार संबंधित अभियुक्तों की हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। साइबर सेल को निर्देशित किया गया कि जनपद में साइबर अपराधों से संबंधित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा की जाए और सभी विवेचकों को आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाए। साइबर अपराधों में प्रयुक्त बैंक खातों का विवरण और पोर्टल से प्राप्त रिपोर्ट तथा डिजिटल साक्ष्य सहित अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां संबंधित विवेचकों को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं ताकि विवेचनाएं अनावश्यक रूप से लंबित न रहें और उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हो सके। एसएसपी ने साइबर अपराधों की विवेचना के दौरान विवेचकों को आने वाली तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं का विस्तृत विवरण तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए ताकि समस्याओं का विश्लेषण कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी और संगठित अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध केवल सामान्य कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए उनके पूरे आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की गहन जांच की जाए तथा आदतन अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साइबर अपराधों के मामलों में तकनीकी दक्षता और आपसी समन्वय के साथ त्वरित विवेचना को प्राथमिकता देते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं। एसएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए गए निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करने तथा कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। टिहरी पुलिस ने नशा तस्करी और संगठित अपराध के साथ साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रखने का संकल्प दोहराया।
