प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिले के दूरस्थ गांव डुमक में सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वन विभाग और राजस्व विभाग तथा पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए ताकि ग्रामीणों को जल्द यातायात की सुविधा मिल सके। शनिवार को जिला कार्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में डुमक सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में चयनित भूमि पर भूस्खलन होने के कारण सड़क के समरेखण में बदलाव किया गया है। नए समरेखण के तहत वन पंचायत और संरक्षित वन क्षेत्र की भूमि के हस्तांतरण के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई और वन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही अपर जिलाधिकारी को पूरे प्रकरण की नियमित निगरानी करने और राजस्व विभाग तथा वन विभाग और पीएमजीएसवाई के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल और डीएफओ केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग रजत सुमन तथा पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता अंकित बिष्ट मौजूद रहे। इसके अलावा सैंजी लग्गा बेमरु मोटर मार्ग संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह और राजवीर सिंह नेगी सहित अन्य लोग बैठक में उपस्थित रहे। पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता प्रमोद गंगाड़ी और अधिशासी अभियंता मनमोहन बिजल्वाण तथा उप राजस्व निरीक्षक चंद्रा बुटोला वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
