Spread the love

जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि का किया औचक निरीक्षण छात्रों को दी प्रतियोगी परीक्षाओं की टिप्स

प्रदीप कुमार
अगस्त्यमुनि-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि का औचक निरीक्षण कर विभागीय कार्य योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन की जानकारी ली।उन्होंने नौनिहालों से संवाद बनाते हुए भविष्य के सपनों पर औचित्य सहित छात्र-छात्राओं की अभिरुचि परखी व कक्षा-कक्षों में जाकर शिक्षण कार्य भी किया।मंगलवार को जिलाधिकारी प्रतीक जैन अचानक अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि के निरीक्षण पर पहुंचे तथा वहां संचालित विभिन्न विभागीय क्रिया कलापों की जानकारी हासिल की। इतना ही नही,जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर शिक्षण गतिविधियों को परखा व छात्र-छात्राओं से विषय आधारित संवाद स्थापित किया।कक्षा नौ की कक्षा में गणित शिक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने गणित विषय को खेल विधि से सीखने एवं सिखाने के लिए प्रेरित किया उन्होंने कक्षा 10वीं में विज्ञान विषय का शिक्षण करते हुए नवाचारी गतिविधियों का बोध कराया।जिलाधिकारी ने रसायन विज्ञान प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया तथा प्रयोगात्मक गतिविधियों की जानकारी विषय अध्यापक से मांगी।जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य एवं कक्षा अध्यापक को निर्देश दिए कि,प्रयोगशाला उपकरणों की आवश्यकतानुसार मांग पत्र तत्काल प्रस्तुत करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए विषय वस्तु संबधी प्रश्नोत्तर किए तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं से प्रयोगात्मक विधि अपनाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा-कार्यों का भी निरीक्षण किया व अध्ययन के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी निरंतर जारी रखने को कहा।छात्रों से सवाल जवाब करते हुए जिलाधिकारी ने भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई तथा तरक्की के टिप्स स्कूली छात्रों को दिए।विद्यालय के भौतिक निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के वाह्य परिवेश में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने हेतु आगणन प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने मौके पर उपस्थित मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेंद्र कुमार बिष्ट को विद्यालयों में सतत निरीक्षण एवं उपलब्ध संसाधनों को अधिकाधिक उपयोग करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ प्रमेेंद्र कुमार बिष्ट ने समग्र शिक्षा,पीएम पोषण आदि विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp