Spread the love

राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित हुआ 38वां आईएपी पीडियाट्रिक क्विज फॉर अंडरग्रेजुएट्स

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) द्वारा 38वीं पीडियाट्रिक क्विज फॉर अंडरग्रेजुएट्स का आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक प्रतियोगिता में एमबीबीएस के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बाल रोग चिकित्सा से जुड़े विविध विषयों पर अपनी ज्ञान क्षमता का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में चयनित चार टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ,जिसमें टीम ‘सी’ के प्रतिभागी अभिषेक बिष्ट और आजम मलिक ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।टीम ‘डी’ की कीर्तिका और उत्पल की जोड़ी ने दूसरा स्थान,जबकि टीम ‘ए’ से पलक और लोकेश भट्ट ने तीसरा स्थान हासिल किया। टीम ‘बी’ की पारूल और मीमांसा बर्त्वाल को चौथा स्थान प्राप्त हुआ।कार्यक्रम का आयोजन बेस चिकित्सालय के लेक्चर थिएटर में किया गया,जहां प्रतियोगिता का उद्घाटन चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राकेश रावत एवं डिप्टी एमएस डॉ.दीपा हटवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। उन्होंने छात्रों को अकादमिक के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया।बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ.सी.एम.शर्मा ने प्रतियोगिता की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आईएपी क्विज प्रत्येक वर्ष आयोजित की जाती है,जिसका उद्देश्य छात्रों में बाल चिकित्सा ज्ञान का प्रसार और प्रतिस्पर्धात्मक समझ को विकसित करना है। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रतियोगिता में चयनित छात्र आगे चलकर राज्य व राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्राप्त करते हैं। क्विज प्रतियोगिता का संचालन डॉ.अंकिता गिरी एवं डॉ.ज्ञान प्रकाश द्वारा कुशलता पूर्वक किया गया। इस अवसर पर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.अशोक शर्मा,गायनी विभाग की एचओडी डॉ.नवज्योति बोरा,डॉ.रविंद्र,डॉ.पवन,डॉ.महेश,डॉ.सर्वजीत सहित बड़ी संख्या में फैकल्टी सदस्य व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।प्रतिभागी सभी छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में,बाल रोग विभाग की ओर से सभी अतिथियों,प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp