Spread the love

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मुनकटिया के समीप भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मुनकटिया के समीप भारी भूस्खलन के कारण मलवा एवं पत्थर आने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोका गया है।जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन के निर्देशों के क्रम में उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला,थाना प्रभारी सोनप्रयाग राकेंद्र कठैत एवं तहसीलदार ऊखीमठ प्रदीप नेगी द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया गया। उप जिलाधिकारी ने बताया कि लगातार हो रही वर्षा एवं पहाड़ी से गिरते पत्थरों के कारण जेसीबी मशीनों के संचालन में भी खतरा बना हुआ है,जिस कारण फिलहाल मलबा हटाने का कार्य रोका गया है।वर्षा रुकने एवं पत्थरों का गिरना बंद होने के उपरांत मार्ग सुचारु करने का कार्य आरंभ किया जाएगा,जिसमें लगभग दो दिन का समय लगने की संभावना है।उप जिलाधिकारी ने यह भी अवगत कराया कि केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी लगभग 50 से 60 मीटर मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है,जहां पर SDRF,NDRF तथा पुलिस की टीमें मौके पर सतत कार्यरत हैं। केदारनाथ से लौट रहे यात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराया जा रहा है,जबकि केदारनाथ की ओर जाने वाले यात्रियों को फिलहाल सोनप्रयाग में ही रोका गया है। अब तक लगभग 300 यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा चुका है।किसी भी यात्री को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई है।यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत उरेडा के माध्यम से मार्ग पर सोलर लाइटों की भी व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp