Spread the love

चारधाम यात्रा को लेकर नैनीडांडा में चालकों के लिए कार्यशाला सड़क सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के डीएम के निर्देश

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने आज जिला मुख्यालय स्थित कैम्प कार्यालय में सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक ली।बैठक में जिलाधिकारी ने आगामी यात्रा सीजन को देखते हुए जनपद क्षेत्र के अंतर्गत यात्रा मार्गों पर सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस,परिवहन और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।विगत वर्षों में धुमाकोट क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने वाहन चालकों के व्यवहार परिवर्तन के उद्देश्य से नैनीडांडा में एक कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश परिवहन विभाग के अधिकारियों को दिए। इस कार्यशाला में क्षेत्र के बस और टैक्सी चालकों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। चीला कैनाल रोड पर पूर्व में हुई दुर्घटनाओं और नहर में डूबने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उत्तराखंड जलविद्युत निगम लिमिटेड और परिवहन विभाग के अधिकारियों को बड़े आकार के प्रभावशाली चेतावनी साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन साइन बोर्डों में विशेष चित्रों का प्रयोग किया जाए ताकि लोगों पर मनोवैज्ञानिक प्रभाव पड़े और दुर्घटनाओं को रोका जा सके। बैठक में परिवहन विभाग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार,वर्ष 2024-25 में अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं शाम 6 से रात्रि 9 बजे और प्रातः 9 से दोपहर 12 बजे के बीच हुई हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को इस समयावधि में सघन चेकिंग अभियान चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए हैं। सड़क निर्माण हेतु हॉट मिक्स तैयार करने संबंधी शर्तों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक हॉट मिक्स संचालक द्वारा एक हजार पेड़ों का रोपण अनिवार्य है। उन्होंने संबंधित विभाग को हॉट मिक्सर की संख्या के अनुसार पौधारोपण के आंकड़े प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कॉमर्शियल वाहनों का फिटनेस चेकअप से अलावा उन्होंने अगले दो माह में 500 प्राइवेट वाहनों का फिटनेस चेकअप कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।पर्यटन विभाग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार,50% सड़क दुर्घटनाएं कोटद्वार और श्रीनगर क्षेत्र के अंतर्गत हुई हैं। इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने कोटद्वार और श्रीनगर क्षेत्र में तैनात राजस्व,पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को ड्रंक एंड ड्राइव,बिना हेलमेट वाहन चलाने और फोन पर बात करते समय वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।मार्च माह में राजस्व विभाग के क्षेत्र अधिकारियों द्वारा किए गए चालानों की कम संख्या पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है। बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल,पुलिस उपाधीक्षक पुलिस त्रिवेंद्र सिंह राणा,अधिशासी अभियंता लोनिवि निर्माण खण्ड पौड़ी रीना नेगी,सहायक संभागीय परिवहन अधिकार शशि दुबे सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp