Spread the love

जिलाधिकारी ने नवोदय विद्यालय सन्तूधार का किया औचक निरीक्षण व्यवस्थाओं को एक माह में सुधारने के दिए निर्देश

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।तहसील दिवस चौबट्टाखाल में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय सन्तूधार की अव्यवस्थाओं से संबंधित शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया तहसील दिवस के उपरांत विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने विद्यालय के कक्षा-कक्ष,छात्रावास,रसोई,खेल परिसर,विभिन्न पंजिकाओं तथा पेयजल व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले पेयजल आपूर्ति की स्थिति देखी और जल संस्थान को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय में पानी की आपूर्ति किसी भी हाल में बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने कक्षाओं,छात्रावासों और किचन का जायजा लिया। किचन एवं वाशरूम में साफ-सफाई की कमी और अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की आधारभूत संरचना एवं प्रबंधन प्रणाली को एक माह के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा-कक्षों की मेज-कुर्सियों की मरम्मत,मेस एवं किचन में रंगरोगन और फर्श का सुधार,छात्रावासों में रंगरोगन,विद्युत फिटिंग,सोलर वाटर हीटर की मरम्मत,शौचालयों की स्थिति में सुधार तथा नियमित एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने बच्चों की सुविधा हेतु वाशिंग मशीन तथा बिजली की आपूर्ति हेतु इनवर्टर दिए जाने के भी निर्देश दिए।साथ ही उपजिलाधिकारी एकेश्वर श्रेष्ठ गुनसोला को विद्यालय का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से उनकी पढ़ाई और गतिविधियों की जानकारी ली तथा शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेलकूद की गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से भी जोड़ना आवश्यक है।जिलाधिकारी ने पाया कि वर्ष 2022 से अब तक विद्यालय प्रबंधन समिति की कोई बैठक आयोजित नहीं हुई है। इस पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति की नियमित बैठक आयोजित करने और विद्यालय सुधार हेतु ठोस कार्ययोजना व बजट तैयार करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विद्यालय का चार्ज निकटस्थ खंड शिक्षाधिकारी को सौंपते हुए प्रबंधन समिति की बैठक शीघ्र आयोजित करवाई जाए और विद्यालय सुधार हेतु प्रस्तावित बजट तैयार किया जाए। इसके अलावा उन्होंने बच्चों की सुरक्षा हेतु एक शिक्षक को हॉस्टल में बने वार्डन कक्ष में ही निवास करने हेतु रोस्टर जारी करने को कहा।जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को विद्यालय का समय समय पर निरीक्षण कर सुधारात्मक कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से विद्यालय की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा विद्यार्थियों को एक बेहतर शैक्षिक वातावरण प्राप्त होगा।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी श्रेष्ठ गुनसोला,मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल,उप शिक्षाधिकारी पोखड़ा मनोज जोशी,तहसीलदार करिश्मा जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp