प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को कोटद्वार एवं लक्ष्मणझूला क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता स्वच्छता और निर्धारित मानकों की जांच की गई। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने कुल 14 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और 13 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इनमें दो विधिक तथा 11 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। लिए गए नमूनों में पांच मिठाई एवं नमकीन दो दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद तथा छह अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य पीसी जोशी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता खाद्य पदार्थों के निर्माण भंडारण और विक्रय से संबंधित मानकों की जांच की गई। इस दौरान बिना लेबल और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसमें छह लीटर बिना लेबल का लेमन सोडा भी शामिल है। इसके अलावा बिना तिथि अंकित पैक्ड खाद्य सामग्री को भी नष्ट कराते हुए संबंधित खाद्य कारोबारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। खाद्य विभाग की ओर से खाद्य व्यापारियों को उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
