Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार में चोरी की वारदात में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित इनामी मुख्य अभियुक्त को पौड़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फरार अभियुक्त पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। चोरी की वारदात में शामिल चार अभियुक्तों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी थी जबकि उनका मुख्य साथी मो.आरिफ लगातार फरार चल रहा था। दिनांक 2 जुलाई 2026 को कोटद्वार निवासी उमेश चंद बमोला ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने बताया था कि जून की छुट्टियों के दौरान वह अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर से नकदी एवं आभूषण चोरी कर लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। गठित टीमों ने स्थानीय स्तर पर व्यापक पूछताछ के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी संसाधनों एवं सर्विलांस से प्राप्त महत्वपूर्ण इनपुट का विश्लेषण करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में लगातार जानकारी जुटाई गई। पुलिस की जांच के आधार पर चोरी की घटना में संलिप्त चार अभियुक्तों मोहित निवासी गाजियाबाद उत्तर प्रदेश कासिफ उर्फ नन्हे निवासी बरेली उत्तर प्रदेश आमिर निवासी बरेली उत्तर प्रदेश तथा आसिफ उर्फ अमन निवासी बरेली उत्तर प्रदेश को 6 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया था। विवेचना के दौरान चोरी की घटना में उनके मुख्य साथी मो.आरिफ निवासी दिल्ली का नाम सामने आया जो घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। फरार अभियुक्त मो.आरिफ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने उसके संभावित ठिकानों और मस्कन पर लगातार दबिश दी लेकिन वह गिरफ्तारी से बचता रहा। अभियुक्त के शातिर किस्म का होने और लगातार फरार रहने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद भी पुलिस टीमों ने उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी रखते हुए विभिन्न माध्यमों से उसके संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार चोरी की घटना को अंजाम देने में अभियुक्त मो.आरिफ ने अपनी कार का प्रयोग किया था जिसे पुलिस पूर्व में ही कब्जे में ले चुकी थी। इसी क्रम में 29 अगस्त 2026 को पुलिस टीम को सूचना मिली कि मो.आरिफ अपनी कार को छुड़ाने के उद्देश्य से कोटद्वार आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इनामी वांछित अभियुक्त मो. आरिफ को कोटद्वार से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त: मो.आरिफ पुत्र मोहम्मद नन्हे निवासी ब्रह्मपुरी थाना न्यू उस्मानपुर दिल्ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *