Spread the love

एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के डॉ.आलोक सागर गौतम को टीचिंग एक्सीलेंस अवार्ड से नवाजा गया

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर एवं हिमालयी वातावरणीय एवं अंतरिक्ष भौतिकी शोध प्रयोगशाला के मुख्य अन्वेषक डॉ.आलोक सागर गौतम को केन्द्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान का टीचिंग एक्सीलेंस अवार्ड-2025 प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के अवसर पर राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा केंद्रीय विश्वविद्यालय किशनगढ़ के सभागार में कुलपति एवं राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विभूतियों की उपस्थिति में प्रदान किया गया।यह पुरस्कार उन शिक्षकों को दिया जाता है जिन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्यापन की गुणवत्ता,शोध एवं समाज के प्रति उल्लेखनीय योगदान दिया हो। चयन प्रक्रिया स्वतंत्र समिति द्वारा बहु-स्तरीय और पारदर्शी मूल्यांकन के आधार पर की जाती है। डॉ.गौतम वायुमंडलीय एवं पर्यावरणीय भौतिकी के क्षेत्र में अग्रणी शोधकर्ता हैं। उनके शोध आकाशीय बिजली,मौसम एवं जलवायु परिवर्तन,वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य प्रभाव,बादल निर्माण और एआई आधारित मौसम पूर्वानुमान पर केन्द्रित हैं। अब तक उनके 160 से अधिक शोधपत्र,32 पुस्तक अध्याय और 17 पेटेंट प्रकाशित हो चुके हैं। वे भारत की 28वीं अंटार्कटिका अभियान में भी शामिल रह चुके हैं। इससे पूर्व उन्हें उत्तराखंड का यंग साइंटिस्ट अवार्ड,विश्वविद्यालय का शोध उत्कृष्टता पुरस्कार तथा थाईलैंड के सुआन सुनन्दा राजभाट विश्वविद्यालय का श्रेष्ठतम संकाय पुरस्कार समेत कई सम्मान मिल चुके हैं।डॉ.गौतम की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।कुलपति प्रो.श्री प्रकाश सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों,अधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं ने इस उपलब्धि को गर्व का विषय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp