Spread the love

आपदा प्रभावित थराली पहुंची अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम नुकसान का किया प्रत्यक्ष आकलन

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।हाल ही में हुई भारी वर्षा और भूस्खलनों ने चमोली ज़िले के कई हिस्सों में भारी तबाही मचाई है। जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ,घर-आवास क्षतिग्रस्त हुए,और महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बाधित हो गए। इसी स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करने भारत सरकार द्वारा भेजी गई अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम आज दिनांक 8 सितंबर 2025 को थराली पहुँची।टीम ने थराली क्षेत्र के भूस्खलन प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया और स्थिति का बारीकी से जायज़ा लिया।निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रशासन,आपदा प्रभावित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित किया गया,ताकि वास्तविक स्थिति और चुनौतियों को समझा जा सके।जिले के जिलाधिकारी सन्दीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के साथ विस्तृत चर्चा कर टीम ने अब तक हुई राहत कार्यवाही,प्रभावित परिवारों की स्थिति,और क्षति का प्रारंभिक विवरण प्राप्त किया। केंद्र सरकार ने क्षति का व्यापक मूल्यांकन करने के लिए एक सात सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति न केवल चमोली बल्कि अन्य आपदा प्रभावित जिलों का भी दौरा करेगी और प्रत्यक्ष आकलन के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट भारत सरकार को सौंपेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp