Spread the love

पाबौ में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने किया वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।उत्तराखंड ग्रामीण बैंक द्वारा पाबौ विकासखंड के ब्लॉक कार्यालय परिसर में एक सफल ग्राहक संपर्क कार्यक्रम (आउटरीच प्रोग्राम) का आयोजन किया गया,जिसमें स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को बैंक की विभिन्न योजनाओं,सेवाओं और डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं के प्रति जागरूक करना तथा वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों द्वारा बैंक की प्रमुख योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री जनधन योजना,किसान क्रेडिट कार्ड,अटल पेंशन योजना,मुद्रा ऋण योजना इत्यादि की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल बैंकिंग सेवाओं जैसे-मोबाइल बैंकिंग,यूपीआई,एटीएम सुविधा,नेट बैंकिंग,बैंक मित्र (BC) और ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) की कार्यप्रणाली और उनके लाभों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र से जुड़े सफल कृषक विपिन पंत ने अपनी सफलता की प्रेरणादायक कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उन्होंने बैंक से ऋण प्राप्त कर आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाया और अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की। उनकी कहानी ने उपस्थित अन्य कृषकों को बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।क्षेत्रीय प्रबंधक पी.के.गोयल ने कहा कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता को बढ़ाने,डिजिटल सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने हेतु कृतसंकल्प है।भविष्य में भी बैंक इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक इस आयोजन के माध्यम से अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए ग्रामीण समुदाय को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा रहा है। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी धूम सिंह,पशु चिकित्साधिकारी डॉ.के.के.मिश्रा,उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक पी.के.गोयल एवं शाखा प्रबंधक ओमकार दत्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।सभी उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने और नियमित बैंकिंग करने के लिए प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp