Spread the love

चमोली में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ कार्यक्रम

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।गुरुवार को जनपद चमोली के कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा,भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट एवं जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दोनों महापुरुषों को नमन किया और सभी उपस्थित जनों को जयंती की शुभकामनाएं दी।सांसद महेंद्र भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य,अहिंसा और स्वदेशी की भावना से पूरे विश्व का मार्गदर्शन किया है।उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि हमें अपने जीवन में गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों को अपनाना चाहिए। सांसद महोदय ने कहा कि सादगी,ईमानदारी और देशभक्ति ही इन महान विभूतियों का सच्चा संदेश है और हमें इसे आत्मसात करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से सभी से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने गांधी जी के प्रिय भजन वैष्णव जन तो तैने कहिए और रघुपति राघव राजा राम प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्ति और शांति से सराबोर कर दिया। भजनों की स्वर लहरियों ने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर गांधी जी के विचारों की याद दिलाई।कार्यक्रम के अंतर्गत सांसद महोदय ने कलेक्ट्रेट परिषद परिसर में फलदार वृक्ष का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण जीवनदायिनी परंपरा है,जिसे हमें संकल्पपूर्वक अपनाना चाहिए।इसके उपरांत सांसद महेंद्र भट्ट शहीद स्मारक पार्क पहुँचे। यहाँ उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत,गढ़ केसरी हेमवंती नंदन बहुगुणा और शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता और समृद्धि के लिए जिन्होंने अपना जीवन समर्पित किया,उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा।पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा,उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल रहा। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश,मुख्य कोषाधिकारी मामूर जहां,जिला महामंत्री भाजपा अरुण मैठानी,सत्येंद्र असवाल,अवधेश कुमार,युद्धवीर बर्त्वाल,कलेक्ट्रेट सभी अधिकारी और कर्मचारी सहित छात्र-छात्राओं और आमजन ने मिलकर इन महापुरुषों की जयंती को प्रेरणादायी रूप में मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp