Spread the love

थराली में नाबालिग से छेड़छाड़ : आरोपी हवलदार गिरफ्तार पुलिस ने POCSO व BNS की धाराओं में दर्ज किया मुकदमा

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।जनपद चमोली पुलिस द्वारा बाल यौन अपराधों के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करते हुए थराली में नाबालिग से छेड़छाड़ के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है। थाना थराली पुलिस को 5 अक्टूबर 2025 को एक महिला द्वारा लिखित तहरीर दी गई,जिसमें आरोप लगाया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री के साथ आर्मी कैंटीन थराली में कार्यरत एक हवलदार ने गलत नियत से अनुचित आचरण किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना थराली पुलिस ने बिना किसी विलंब के त्वरित विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध POCSO अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।थाना पुलिस ने दबिश देकर आरोपी हवलदार रविन्द्र कुमार नाथ,हाल तैनाती आर्मी कैंटीन थराली,को गिरफ्तार कर लिया है। उसे पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है,जिसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली के निर्देश पर विवेचना की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक सुधा बिष्ट को सौंपी गई है। विवेचक द्वारा साक्ष्य संकलन,गवाहों के बयान तथा पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण विधिक प्रक्रिया के अनुसार कराया जा रहा है।जनपद पुलिस ने कहा है कि बाल अपराधों के मामलों में किसी भी आरोपी को उसके पद या संस्था के आधार पर रियायत नहीं दी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य पीड़िता की सुरक्षा,उसकी निजता का संरक्षण और उसे शीघ्र न्याय दिलाना है। साथ ही पीड़ित परिवार को कानूनी सहायता एवं परामर्श भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp