Spread the love

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ जनता मिलन कार्यक्रम

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।जिलाधिकारी सौरभ गहरवार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जन संवाद/जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया,जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी 18 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया,जबकि शेष समस्याओं को समाधान हेतु त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।आयोजित जन संवाद/जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान सुनाऊं गांव के गणेश बिष्ट ने शिकायत दर्ज करते हुए कहा कि दैजीमांडा-पौड़ीखाल मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है जिसमें निषणी और पौड़ीखाल अभी तक नहीं जुड़ पाया है। उन्होंने जल्द ही इन गांवों को भी उक्त मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग की। धारकोट निवासी धन सिंह ने कहा कि केदारनाथ मार्ग में उन्हें आवंटित दुकान सुरक्षा के दृष्टिगत असुरक्षित है उन्होंने अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर दुकान आवंटित करने की मांग उठाई।बड़ेथ गांव के विजय लाल ने बताया कि उनकी पुत्री का जवाहर नवोदय विद्यालय में चयन होने के बावजूद उसे प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से उक्त समस्या का निदान करने की अपील की।कांडई के देव सिंह जग्गी ने गढ़ीधार मोटर मार्ग में कार्यदायी संस्था द्वारा नालियों व दीवार निर्माण न करने से आवासीय भवनों में मलबा आने की समस्या से अवगत कराया। बिजराकोट की रहने वाली देवकी देवी ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि उनके घर में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। तरह आयोजित जनसंवाद/जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 18 शिकायतें दर्ज की गई,जिनमें 7 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया,जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जन संवाद कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों को सभी अधिकारी गंभीरता से लें तथा समयबद्धता के साथ उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। जिन शिकायतों के लिए स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं,उनका निर्धारित समय के भीतर निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। यदि किसी अधिकारी द्वारा किसी भी प्रकार की शिथिलता बरती जाती है,तो उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि दर्ज शिकायतों पर की गई कार्यवाही की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता एवं जिला कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि किसी भी आम जनमानस अथवा कर्मचारी की कोई समस्या या भुगतान संबंधित प्रकरण लंबित है,तो उसे संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए ताकि संबंधित को त्वरित लाभ प्राप्त हो सके।जनसंवाद/जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि एल-1 स्तर पर 142 और एल-2 स्तर पर 25 शिकायतें लंबित हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।इस अवसर पर उप वन संरक्षक रुद्रप्रयाग कल्याणी,मुख्य विकास अधिकारी डाॅ.जीएस खाती,अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा,उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग आशीष घिल्डियाल,प्रशिक्षु उप जिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.रामप्रकाश,अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी,प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp