Spread the love

बरसूड़ी गांव में पशुपालन विभाग की तत्परता से गाय का सफल ऑपरेशन

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।विकासखंड पाबौ के बरसूड़ी गांव में एक गाय के जटिल प्रसव को लेकर पशुपालन विभाग ने सेवा भाव की मिसाल पेश की।विभाग की त्वरित कार्रवाई से गाय का जीवन बचा लिया गया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा ने बताया कि बरसूड़ी गांव निवासी कन्हैया लाल द्वारा गाय की प्रसव में कठिनाई की सूचना दी गई।उन्होंने तुरंत पशु चिकित्साधिकारी से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद चाकीसैंण की पशु चिकित्साधिकारी डॉ.प्रीति गौतम और डॉ.सुनिधि चौधरी तुरंत गांव पहुंचीं। उन्होंने सांय 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक गाय का सफल ऑपरेशन किया।चिकित्सकों ने बताया कि सामान्य प्रसव संभव न होने के कारण शल्य क्रिया (ऑपरेशन) ही एकमात्र विकल्प था।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने चिकित्सकों की इस मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि पशुपालन विभाग हमेशा जन सेवा के लिए तत्पर है। उन्होंने अन्य चिकित्सकों को भी इसी प्रकार सेवा भावना से कार्य करने की प्रेरणा दी। इस सराहनीय प्रयास से ग्रामीणों में विभाग के प्रति विश्वास और भी प्रगाढ़ हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp