Spread the love

जिलाधिकारी ने नवोदय विद्यालय में मेस तथा किचन सुधारीकरण हेतु 10.96 लाख रुपये स्वीकृत किए निर्माण व सुधार कार्यों को मिली मंजूरी

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।राजीव गांधी नवोदय विद्यालय संतूधार के सत्र 2025-26 हेतु विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक बुधवार को जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में विद्यालय का निरीक्षण किया गया था,जिसके क्रम में दिए गए दिशानिर्देशों के आधार पर विभिन्न सुधारीकरण कार्य कराए गए थे। बैठक में जिलाधिकारी ने विद्यालय की भौतिक सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष जोर देते हुए निर्माणदायी संस्था आरईएस को मेस की मरम्मत,रंग-रोगन,छात्रावास सुधार सहित अन्य विकास एवं सुधारीकरण कार्यों हेतु 10.96 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की तथा कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय तक जाने वाली पेयजल लाइन की मरम्मत के लिए जल संस्थान द्वारा प्रस्तुत एस्टीमेट को भी मंजूरी प्रदान की। साथ ही परिसर में पेयजल लाइन की आंतरिक मरम्मत हेतु प्राचार्य मंगल सिंह चौहान को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल को भी निर्देशित किया कि विद्युत मरम्मत से संबंधित आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाय। जिलाधिकारी ने बैठक में विद्यालय के आय-व्यय का विवरण की जानकारी ली तथा मुख्य शिक्षाधिकारी को विद्यालय का त्वरित निरीक्षण कर आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्यालय में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण को प्राथमिकता देते हुए महीने में एक बार स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और वाहन हेतु निदेशालय को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने हेतु खेल मैदान के समतलीकरण के लिए कार्यदायी संस्था को कार्य योजना तैयार करने को कहा। वहीं विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विद्यालय में इंटरनेट की व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश प्राचार्य को दिए। विद्यालय में रिक्त संविदा/आउटसोर्स पदों के संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी को ट्रेजरी से समन्वय कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यरत संविदा कर्मियों के लिए वर्ष में 12 अवकाश स्वीकृत किए। साथ ही बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने प्राचार्य को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी एक साथ अवकाश पर न जाएं। विद्यालय परिसर में सोलर लाइट व्यवस्था को लेकर उरेडा विभाग से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश प्राचार्य को दिए। साथ ही विद्यालय में रसायन विज्ञान तथा गणित के रिक्त पदों के संबंध में प्राचार्य द्वारा अवगत कराए जाने पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी को निर्देश दिए कि जब तक नियमित नियुक्ति न हो जाए,तब तक सप्ताह में दो दिन समीपस्थ विद्यालयों से शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्राचार्य ने विद्यालय में आरओ,इनवर्टर व पंखे लगाने हेतु जिलाधिकारी का धन्यवाद किया। जिलाधिकारी ने समस्त आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश देते हुए मुख्य शिक्षाधिकारी को आगे भी विद्यालय निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आरईएस के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार जोशी,समिति के सदस्य जवाहर नवोदय विद्यालय खैरासैंण के प्राचार्य प्रदीप कुमार,विमल ममगाईं,केसर असवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp